सांसद रुचि वीरा द्वारा विकास भवन मुरादाबाद में विकास कार्यों की समीक्षा
सांसद कुंवरानी रुचि वीरा की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई


सलमान यूसुफ/फसी उर रहमान बेग
मुरादाबाद। सांसद कुंवरानी रुचि वीरा की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की। मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में चिन्हित नदी या तालाबों पर कराए गए कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बरसात से पूर्व तालाबों पर कराए गए कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए ताकि उन कार्यों का निरीक्षण किया जा सके। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत कार्यों की भी जानकारी ली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराए गए कार्यों के बारे में उन्होंने अधिशासी अभियंता से विस्तृत जानकारी ली और कहा कि सड़कों को दुरुस्त बनाए रखने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाए ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मिलने वाली शिकायतों के समाधान के लिए संपर्क किया जा सके। विधायक मुरादाबाद देहात नासिर कुरैशी ने कहा कि रानीनागर से 02 मार्गों की मांग काफी समय से हो रही है पर इस पर अभी कोई कार्यवाही नहीं हुई है जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का संज्ञान लेने के लिए निर्देशित किया। जिला गन्ना अधिकारी से वर्तमान में गन्ने में लग रहे रोगों और उसके निदान को लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बीज और रसायनों पर दी जाने वाली सब्सिडी के बारे में किसानों को जानकारी दी जाए।
माननीय सांसद ने वर्तमान में कृषि अवशेष प्रबंधन को लेकर विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं कृषकों को विभिन्न फसलों के लिए प्रोत्साहित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों के बारे में उप निदेशक कृषि से जानकारी ली जिस पर उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसान पाठशालाओं के माध्यम से कृषकों को जागरूक किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि किसान पाठशालाओं के आयोजन के बारे में जनप्रतिनिधियों को भी सूचित किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पात्र लोगों के चयन के दौरान पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। जिस पर सांसद ने कहा कि निर्धारित मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाय और जांच टीम जब भी सर्वे के लिए जाए तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत पात्र लाभार्थी और अपात्र लोगों की सूची उपलब्ध कराएं। जल निगम नगरीय के अंतर्गत जिले में संचालित परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी ली और कहा कि नगरीय क्षेत्र में संचालित पेयजल परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में कोई लापरवाही न हो और जहां कमियां चिन्हित हों उन्हें तत्काल दुरुस्त कराएं। सांसद ने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत स्मार्ट सिटी से संबंधित सूचना चाही गई थी जो अभी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्मार्ट सिटी के लिए आवंटित धनराशि के सापेक्ष व्यय का विवरण और एनसीएपी के तहत निर्मित सड़कों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया। मूंढापांडे क्षेत्र में कोसी नदी में बाढ़ आने से स्थानीय लोगों को होने वाली समस्या के समाधान के लिए कराए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी के दौरान संबंधित अधिकारी ने बताया कि कोसी नदी पर बंधा निर्माण के लिए सर्वे की प्रक्रिया चल रही है। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए निर्देशित किया। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, तम्बाकू नियंत्रण, मानसिक रोग नियंत्रण एवं डायलिसिस सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में सीएमओ ने विस्तृत जानकारी दी। राशन वितरण की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि राशन वितरण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ लागू हो। पात्र लोगों को पूरा राशन मिले और कोटेदारों द्वारा अनियमितता करने पर उनके विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त कार्यवाही भी होनी चाहिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को सांसद ने क्रेनों की उपलब्धता, एम्बुलेंसों का संचालन, हाइवे के किनारे नालों का निर्माण और हाइवे पर जलभराव वाले स्थानों के बारे में विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
इस अवसर पर एमएलसी गोपाल अंजान, सीडीओ सुमित यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी गण मौजूद रहे।





























