जिलाधिकारी अनुज कुमार द्वारा विकास भवन सभागार में सरकार द्वारा संचालित,जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी अनुज कुमार द्वारा खाद्य सुरक्षा, बाट माप, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, छात्रवृति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विद्युत, स्वास्थ्य, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन ग्रामीण, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गौवंश संरक्षण, कौशल विकास मिशन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना

फसी उर रहमान बेग (जनता और जनादेश,मुरादाबाद)
जिलाधिकारी , अनुज सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित बापू सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अनुसार विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा, बाट माप, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, छात्रवृति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विद्युत, स्वास्थ्य, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन ग्रामीण, फैमिली आईडी, ऑपरेशन कायाकल्प, निराश्रित गौवंश संरक्षण, कौशल विकास मिशन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के बारे में संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की और योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति में सुधार लाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।


उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हानिकारक मिलावटी खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्यवाही हो इसके लिए नियमित तौर पर नमूने संगृहीत करने और अधोमानक नमूनों के संबंध में कठोरतम कार्यवाही होनी चाहिए।
मंडी सचिव को मंडी परिसर में नियमित तौर पर साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने एवं बारिश के दौरान जल भराव की समस्या के समाधान को लेकर प्रभावी कदम उठाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने मंडी सचिव से कहा कि आगामी आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में गंदगी नहीं मिलनी चाहिए।
बाट माप विभाग के अधिकारियों से जिलाधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों का समय से निस्तारण कराएं साथ ही घटतौली के मामलों में नियमानुसार कार्यवाही करें।
छात्रवृत्ति योजना के तहत विभिन्न वर्गों के छात्र छात्राओं को प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया को नियमानुसार संपादित कराने के लिए जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित कराने के लिए निर्देशित किया और कहा कि इस बैठक में उन्हें छात्रवृति से संबंधित विभागीय नियमों और प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाए।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में उन्होंने पीओ नेडा को कैंप आयोजित कराने और सक्रियता से कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि वे विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन में नाम और विद्युत भार परिवर्तित कराने के लिए प्राप्त आवेदनों के संबंधित रजिस्टर तैयार कराएं और उनका निस्तारण कराएं ताकि योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान हो सके। साथ ही कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा में दुरुस्त कराया जाए ताकि विद्युत आपूर्ति में कोई व्यवधान उत्पन्न न हों।
अधिशासी अभियंता जल जीवन मिशन ग्रामीण ने बताया कि जिले में 603 परियोजनाओं के सापेक्ष 216 परियोजनाओं के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि शेष परियोजनाओं पर भी यथाशीघ्र जलापूर्ति शुरू कराएं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जिले के अध्यापकों की गोष्ठी आयोजित कराएं जिनमें बेहतरीन कार्य करने वाले अध्यापकों के माध्यम से अन्य अध्यापकों को पढ़ाने के आकर्षक तरीके, कोर्स पूरा कराने और विद्यालयों में बच्चों का पंजीकरण बढ़ाने के तरीके के बारे में बताया जाए।
जिले में संचालित गौशालाओं का भी निरीक्षण करने के लिए उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए और कहा कि गर्मी एवं बारिश के दृष्टिकोण से जरूरी संसाधनों और सुविधाओं की उपलब्धता का सत्यापन करें।
पशुओं में टीकाकरण शतप्रतिशत हो जाए। विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं को सूचीबद्ध कराएं ताकि पशुओं के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग बेहतर ढंग से हो सके।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे प्रबंधक कौशल विकास मिशन से जानकारी प्राप्त की और कहा कि बच्चों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जाए ताकि विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें रोजगार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिले।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि हर टेल तक पानी अनिवार्य रूप से पहुंचे ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान ओटीडी (वन ट्रिलियन डॉलर) समिति से संबंधित अधिकारियों के साथ भी जिलाधिकारी ने समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी गण मौजूद रहे।





























