मुरादाबाद में किसान की जमीन पर कब्जे का आरोप! जान से मारने की धमकी देने का भी दावा
मुरादाबाद के गुलाबबाड़ी चुंगी इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर दबंगई और आम आदमी की जमीन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं


जनता और जनादेश (Mohd Adil) एक किसान ने कुछ लोगों पर अपनी जमीन पर जबरन कब्जा करने और उसे मकान का निर्माण नहीं करने देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
किसान का आरोप है कि पीतम पाशी पार्षद, विवेक शर्मा और मोहनलाल नाम के लोग उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इतना ही नहीं, किसान का कहना है कि जब भी वह अपनी ही जमीन पर कोई निर्माण कार्य कराने की कोशिश करता है, तो उसे डराया-धमकाया जाता है और जान से मारने तक की धमकी दी जाती है।
किसान के मुताबिक, वह पिछले करीब 50 वर्षों से इस जगह पर रह रहा है। ऐसे में जिस जमीन को वह अपना हक बता रहा है, उसी पर निर्माण करने से रोका जाना उसके लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
सवाल यह है कि अगर किसान के पास अपनी जमीन के कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं, तो आखिर उसे अपनी जमीन पर मकान बनाने से क्यों रोका जा रहा है?
क्या किसी आम किसान को अपनी ही जमीन पर निर्माण करने के लिए दबंगों के सामने झुकना पड़ेगा? और अगर उसे धमकियां मिल रही हैं, तो आखिर प्रशासन उसकी सुरक्षा और न्याय के लिए क्या कदम उठा रहा है?
किसान ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं हुई और उसे न्याय नहीं मिला, तो वह अपनी फरियाद लेकर सीधे लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचेगा।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और किसान को उसकी जमीन पर न्याय कब तक मिल पाता है।



















